
वैश्विक बाजारों की सुस्ती का असर
पिछले कुछ महीनों में रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद अब सोने के भाव में गिरावट के संकेत मिलने लगे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी के चलते यह संभावना जताई जा रही है कि अगले बारह महीनों में सोने की कीमतों में लगभग 25% तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। सॉलिडकोर रिसोर्सेज पीएलसी के सीईओ विटाली नेसिस ने हाल ही में एक बयान में कहा कि गोल्ड के मौजूदा उछाल में जल्द ही ठहराव आ सकता है और दाम ₹70,000 प्रति 10 ग्राम तक गिर सकते हैं।
मौजूदा रेट और अनुमान
अभी हाल ही में सोना ₹99,000 प्रति 10 ग्राम के आसपास रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुका था। लेकिन जैसे-जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अनिश्चितता बढ़ रही है, विशेषज्ञों का मानना है कि सोने का दाम ₹70,000 प्रति 10 ग्राम के आसपास आ सकता है। वैश्विक बाजारों में सोने की कीमत फिलहाल करीब $3,319 प्रति औंस है, जिसे लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि यह घटकर $2,500 प्रति औंस तक आ सकती है।
महंगाई का सीधा असर आम लोगों पर
दिसंबर से अब तक सोने के भाव में लगभग ₹22,650 प्रति 10 ग्राम यानी लगभग 29% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह तेजी ऐसे समय में आई जब देश में शादी और त्योहारों का मौसम जोरों पर था, जिससे आम लोगों, खासकर महिलाओं की चिंताएं काफी बढ़ गई हैं। गहनों की खरीदारी करने वाले ग्राहकों की संख्या में काफी कमी देखी जा रही है। अब ग्राहक केवल रेट पूछकर दुकानों से लौट रहे हैं, जिससे छोटे ज्वेलर्स के व्यापार पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
बदलता ग्राहक व्यवहार
नोएडा की रहने वाली रूपा जैसी कई महिलाएं अपनी बेटियों की शादी के लिए गहनों की खरीदारी को लेकर असमंजस में हैं। लगातार बढ़ती कीमतों के चलते कुछ लोग विदेश से सोना मंगवाने के विकल्प पर भी विचार कर रहे हैं। दिल्ली के सर्राफा बाजारों में भी यही ट्रेंड देखा जा रहा है, जहां ग्राहक अब गहनों के डिजाइन पर नहीं, सिर्फ दाम पर ध्यान दे रहे हैं और अधिकतर बिना खरीदारी किए ही वापस लौट रहे हैं।

विशेषज्ञों का नजरिया
कई जानकारों का मानना है कि सोने के दामों में हाल की तेजी एक तरह का “ओवररिएक्शन” रही है। बाजार में जैसे ही स्थिरता लौटेगी, कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, यह संभावना कम है कि सोने के दाम बिल्कुल पुराने निचले स्तर तक लौटेंगे, लेकिन गिरावट लगभग तय मानी जा रही है। इसलिए निवेशकों और खरीदारों दोनों के लिए आने वाले महीने काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
सोना खरीदते समय शुद्धता की जांच कैसे करें?
अगर आप सोना खरीदने का सोच रहे हैं तो उसकी शुद्धता जांचना बेहद जरूरी है। सोने में BIS हॉलमार्क होना एक भरोसे का प्रतीक है। 24 कैरेट सोना 99.9% शुद्ध होता है, वहीं 22 कैरेट सोने में लगभग 91% शुद्धता पाई जाती है। आमतौर पर गहनों पर 999 (24K) या 916 (22K) जैसे अंकित नंबर शुद्धता की पहचान कराते हैं। याद रखें कि बाजार में बताए गए सोने-चांदी के भाव में जीएसटी, मेकिंग चार्ज और अन्य टैक्स शामिल नहीं होते, इसलिए सटीक रेट जानने के लिए अपने नजदीकी ज्वेलर से संपर्क करना सबसे सही रहेगा।
